उद्योग संवर्धन एवं फर्नीचर क्लस्टर को लेकर लघु उद्योग भारती छतरपुर इकाई सक्रिय
छतरपुर। लघु उद्योग भारती, छतरपुर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें जिले के औद्योगिक विकास, स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं तथा फर्नीचर क्लस्टर के लिए भूमि आवंटन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने उद्योगों के समग्र विकास एवं नए निवेश को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में उद्योग संवर्धन की विशेष बैठक आयोजित कराने तथा प्रस्तावित फर्नीचर क्लस्टर के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु कलेक्टर महोदय से शीघ्र मुलाकात की जाएगी। सदस्यों ने कहा कि फर्नीचर क्लस्टर स्थापित होने से स्थानीय उद्यमियों को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे, रोजगार के नए द्वार खुलेंगे तथा जिले की औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में यह भी विचार रखा गया कि उद्योग विभाग एवं प्रशासन के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
बैठक में श्री बृजेन्द्र गुप्ता (सह सचिव, महाकौशल प्रांत), श्री गिरीश दुबे (अध्यक्ष, छतरपुर इकाई), श्री लक्ष्मण विश्वकर्मा (सचिव), श्री गोविंद चौरसिया (उपाध्यक्ष), श्री सोनू गुप्ता, श्रीमती ज्योति शुक्ला, श्रीमती दिव्या सक्सेना एवं श्रीमती नीलू घोष विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
अंत में सभी उपस्थित सदस्यों को लघु उद्योग भारती के कैलेंडर वितरित किए गए तथा संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।