कांकाणी टेक्सटाइल सेक्टर के विकास को मिली नई गति
आज लघु उद्योग भारती, जोधपुर महानगर एवं बोरानाडा इकाई के पदाधिकारियों तथा टेक्सटाइल उद्यमियों ने रीको बोरानाडा के महाप्रबंधक श्री विनीत गुप्ता जी का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। यह सम्मान कांकाणी टेक्सटाइल सेक्टर में 159 भूखण्डों के सफल आवंटन तथा आवंटियों को ऑफर पत्र जारी किए जाने की महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में किया गया।
उद्यमियों ने इस पहल को जोधपुर के टेक्सटाइल उद्योग के लिए एक सकारात्मक और दूरगामी कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में नए निवेश, रोजगार सृजन और औद्योगिक गतिविधियों को उल्लेखनीय गति मिलेगी। रीको द्वारा समयबद्ध एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से भूखण्ड आवंटन किए जाने पर उद्योग जगत ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर बोरानाडा इकाई अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सालेचा, सचिव श्री थानाराम चौधरी, जोधपुर महानगर सचिव श्री राकेश कुमार चौरड़िया, वरिष्ठ टेक्सटाइल उद्यमी श्री श्रीकांत शर्मा, श्री संदीप चौधरी, श्री महेन्द्र प्रजापत, श्री पूजनीश गोलेचा, श्री राजू सालेचा, श्री मिठालाल बालड़, श्री सुनील चौरड़िया, श्री महेश जी सहित अनेक उद्योगपति एवं गणमान्य उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उद्योग विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा टेक्सटाइल सेक्टर को और अधिक सशक्त बनाने पर भी सार्थक चर्चा हुई।