लघु उद्योग भारती, तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र इकाई की बैठक सोमवार को लिब्रा स्केल प्रतिष्ठान के प्रांगण में आयोजित की गई. बैठक में तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन विस्तार व आगामी कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई. बैठक में लघु उद्योग भारती, झारखंड के प्रदेश महामंत्री बिनोद कुमार अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक में उद्यमियों ने तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र में जल जमाव, स्ट्रीट लाइट की कमी, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर चिंता व्यक्त की उपस्थित उद्यमियों ने कहा कि इन मूलभूत समस्याओं के कारण उद्योगों के संचालन में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए जियाडा से समन्वय स्थापित कर आवश्यक
पहल करने का निर्णय लिया गया. लघु उद्योग भारती, झारखंड के प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य में उद्योगों के अनुकूल वातावरण तैयार करना अत्यंत आवश्यक है. औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की
उपलब्धता सुनिश्चित होने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है और संबंधित अधिकारियों के समक्ष इन मुद्दों को
प्रभावी ढंग से उठाएगी. तुपुदाना इकाई के अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन एकजुट होकर कार्य करेगा तथा समय-समय पर प्रशासन और संबंधित विभागों से संवाद स्थापित किया जाएगा.
बैठक में राकेश राज, एसपी पांडेय, नीतू सिंह, अन्नू गुप्ता, आर गुप्ता, तेजविंदर सिंह, रणधीर शर्मा, विनीत साबू, निशांत प्रकाश, सुधांशु कुमार, प्रकाश हेतमसरिया सहित कई उद्यमी शामिल थे. इस अवसर पर कई सदस्यों को लघु उद्योग भारती का सदस्यता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया.


