लघु उद्योग भारती ने एमएसएमई अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण बैठक; कॉमन फैसिलिटी सेंटर को गति देने पर बनी सहमति
लघु उद्योग भारती, काशी प्रांत के सचिव डॉ. सर्वेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में उद्यमियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के उच्च अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य वाराणसी में प्रस्तावित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) के रुके हुए कार्यों को पुनः गति प्रदान करना तथा उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराना था, ताकि स्थानीय लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों को आवश्यक तकनीकी एवं आधारभूत सुविधाएँ समय पर उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान एमएसएमई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। कॉमन फैसिलिटी सेंटर के कार्यान्वयन में आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी बाधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि विभाग लघु उद्योगों के सशक्तिकरण हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है और सीएफसी के संचालन के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने के ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में डॉ. एल.बी.एस. यादव (डायरेक्टर, MSME), श्री राजेश चौधरी (सहायक निदेशक/प्रभारी, वाराणसी MSME कार्यालय), श्री अभिषेक प्रियदर्शी (उपायुक्त उद्योग, वाराणसी), श्री वी.के. राणा (सहायक निदेशक, MSME) एवं श्री रितेश बरनवाल (सहायक निदेशक, MSME) सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने डॉ. सर्वेश कुमार श्रीवास्तव को लघु उद्योग भारती के काशी प्रांत “सचिव” नियुक्त किए जाने पर गर्मजोशी से स्वागत एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर डॉ. श्रीवास्तव ने सभी अधिकारियों को आगामी पावन पर्व होली की अग्रिम शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और उद्योगों के हित में निरंतर सहयोगात्मक संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से श्री अरुण सिंह (पूर्व मंडल अध्यक्ष), श्री अमरनाथ मौर्य, श्री भोला मौर्य, श्री भैयालाल पटेल सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे। बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई और कॉमन फैसिलिटी सेंटर के शीघ्र संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।

