महाकुंभ संगम स्नान के बाद काशी में श्रद्धालुओं की सेवा में लघु उद्योग भारती का योगदान
महाकुंभ संगम स्नान के उपरांत देश के विभिन्न राज्यों से बाबा विश्वनाथ जी के दर्शन के लिए वाराणसी में बड़ी संख्या में दर्शनार्थियों का आगमन हुआ। श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए काशी प्रांत अध्यक्ष श्री राजेश कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में उद्यमियों ने सेवा कार्यों का निरंतर संचालन किया।
लगातार 30 दिनों तक काशी प्रांत कार्यालय में निःशुल्क भोजन एवं आवास की व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं को अत्यंत सुविधा प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, बाबा विश्वनाथ जी के दर्शन हेतु घंटों लाइन में लगे हजारों श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविरों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं को मिष्ठान, बिस्कुट एवं पानी का नि:शुल्क वितरण किया गया।
सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने हेतु, मातृ संगठन संघ कार्यालय, वाराणसी के अनुरोध पर हजारों पानी की बोतलें एवं बिस्कुट की पेटियाँ भेजी गईं, जिससे अधिक से अधिक दर्शनार्थियों को लाभ मिल सके।
यह सेवा अभियान 30 दिनों तक निरंतर जारी रहा, जिससे वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं को सहजता और श्रद्धा भाव से दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ। लघु उद्योग भारती के इस सेवा कार्य ने धर्म, सेवा एवं सामाजिक सहयोग की परंपरा को सशक्त किया और काशी में आने वाले श्रद्धालुओं को अतिथि देवो भव: की भावना का अनुभव कराया।

