लघु उद्योग भारती – पीलीभीत इकाई गठन हेतु आयोजित महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
आज पीलीभीत जनपद के होटल निर्मल में लघु उद्योग भारती की पीलीभीत इकाई के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में संगठन के विस्तार और उद्देश्य को लेकर गहन चर्चा की गई तथा संगठन की भावी दिशा तय करने पर विचार हुआ।
बैठक में विशेष रूप से आगरा से पधारे प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री दीपक अग्रवाल जी ने लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर हो रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों, उद्यमी हितों की सुरक्षा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं में संगठन की सक्रिय सहभागिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
ब्रज संभाग महासचिव श्री राकेश अग्रवाल जी (शाहजहांपुर) ने संगठन की कार्यशैली, स्थानीय इकाइयों की भूमिका और संचालन व्यवस्था के बारे में जानकारी साझा की। वहीं, एमएसएमई प्रकोष्ठ के चेयरमैन श्री नीतिश गुप्ता जी (आगरा) ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और नीतियों की विस्तृत जानकारी दी, जिससे उपस्थित उद्यमियों को लाभान्वित होने का अवसर प्राप्त हुआ।
मंडल अध्यक्ष श्री सतीश अग्रवाल जी (बरेली) ने मंडल स्तरीय संरचना एवं कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बरेली इकाई के अध्यक्ष श्री उन्मुक्त संभव शील जी और शाहजहांपुर इकाई के अध्यक्ष श्री नवनीत गुप्ता जी ने अपनी-अपनी इकाइयों द्वारा किए जा रहे उद्योगहितैषी प्रयासों की जानकारी साझा की।
बैठक का समापन माननीय विभाग संघचालक श्रीमान ओमप्रकाश जी के आशीर्वचन से हुआ, जिसमें उन्होंने संगठन के प्रति समर्पण, एकता और उद्यमिता के विस्तार पर बल दिया।
इस बैठक में पीलीभीत से 18 नए सदस्यों सहित कुल 28 प्रतिभागी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से यह आश्वासन दिया कि 10 मई तक पीलीभीत इकाई का पूर्ण गठन कर लिया जाएगा।
बैठक के अंत में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में शहीद हुए निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

