आज लघु उद्योग भारती मेरठ महानगर एवं राज्य कर विभाग (SGST) के संयुक्त तत्वावधान में वस्तु एवं सेवाकर (GST) विषयक एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, इसके पश्चात रूपक जैन द्वारा संगठन मंत्र का पाठ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती के संभाग अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्य कर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 श्री हरि राम चौरसिया एवं एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 श्री आर.पी. मल्ल उपस्थित रहे। इनके साथ विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का संचालन मेरठ महानगर अध्यक्ष पंकज जैन ने किया।
वर्कशॉप के दौरान उपस्थित उद्यमियों ने GST से जुड़ी समस्याओं और जिज्ञासाओं को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनका अधिकारियों द्वारा त्वरित और संतोषजनक समाधान प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर उद्यमियों ने करदाताओं के हित में “कर बंधु” नामक एक नई व्यवस्था की मांग की, ठीक उसी तरह जैसे उद्योग बंधु, श्रम बंधु एवं ऊर्जा बंधु की अवधारणाएं पूर्व में बनी हैं। संभाग अध्यक्ष श्री राजकुमार शर्मा ने अपने संबोधन में लघु उद्योग भारती जैसी संस्थाओं को व्यापारी और विभाग के बीच सेतु के रूप में कार्य करने वाली बताते हुए, संवाद और समाधान के इस मंच की सराहना की।
इस कार्यक्रम में ज्वाइंट कमिश्नर श्री राजकुमार त्रिपाठी, SIB के ज्वाइंट कमिश्नर श्री अमित पाठक एवं श्रीमती मनीषा शुक्ला, सहायक आयुक्त श्री अंबुज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, मेरठ मंडल से पंकज गोयल, राजीव मित्तल, विवेक मित्तल, अंकुर जैन, अमित रस्तोगी, लक्ष्मण, अंकुश गोयल, हिमांशु शर्मा, सौरभ सिंघल, अनिल अग्रवाल, अर्पित जैन सहित अनेक प्रमुख उद्यमियों की सहभागिता रही।

