लघु उद्योग भारती प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मुरादाबाद से भेंट कर एक वर्ष की उपलब्धियों पर दी बधाई, उद्योग जगत की प्रमुख समस्याएं भी रखीं
आज दिनांक 27 जून 2025 को लघु उद्योग भारती मुरादाबाद इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय जिलाधिकारी श्री अनुज कुमार सिंह से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उनके एक वर्ष के सफल कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं प्रकट कीं। इस अवसर पर प्रतिनिधियों ने मुरादाबाद के उद्योग जगत से जुड़ी कई ज्वलंत समस्याओं को भी जिलाधिकारी महोदय के समक्ष विस्तार से प्रस्तुत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया:
नगर निगम कार्यालय में दर्ज भवन एवं जल कर संबंधी आपत्तियाँ — जिनका विभाग द्वारा अभी तक निस्तारण नहीं किया गया है। यह अनुरोध किया गया कि सभी लंबित आपत्तियों का शीघ्र समाधान कराया जाए और निस्तारण तक उन पर किसी प्रकार का ब्याज न लगाया जाए।
पावर/कारखाना लाइसेंस कर में असामान्य वृद्धि — 2024-25 तक 10/- रुपये प्रति हॉर्स पावर से बढ़ाकर 2025-26 से 200/- रुपये प्रति हॉर्स पावर प्रति वर्ष कर दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि विद्युत भार का कर हटाकर केवल जनरेटर पर ही लागू किया जाए और पूर्व दरों को पुनः लागू करने पर पुनर्विचार किया जाए, जिससे मंदी के दौर से गुजर रहे उद्योगों को राहत मिल सके।
Red Category इकाइयों पर थर्ड पार्टी निरीक्षण — CPCB के माध्यम से बिना पूर्व सूचना और बिना स्थानीय अधिकारियों की मौजूदगी में थर्ड पार्टी द्वारा नमूने लिए जा रहे हैं, जिनकी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि NABL द्वारा पास किए गए सैंपल भी थर्ड पार्टी द्वारा फेल किए जा रहे हैं, जिससे मनमानी पेनल्टी लगाई जाती है। उद्योगों को इस प्रकार के उत्पीड़न से बचाने की अपील की गई।
कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था — उद्योग इकाइयों के माल की आवाजाही में बाधा न हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया।
बैठक में लघु उद्योग भारती उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अजय गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष हेमंत जुनेजा, अध्यक्ष अंशुल अग्रवाल, महासचिव रचित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और जिलाधिकारी महोदय ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए यथोचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

