दिनांक 25 अप्रैल 2025 को लघु उद्योग भारती उदयपुर इकाई ने अपने 31वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामयी वातावरण में संपन्न किया। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ और घोषणाएँ की गईं। कार्यक्रम के दौरान नई महिला इकाई “अहिल्या बाई” का गठन किया गया, जिसमें 47 उत्साही महिला सदस्यों ने सहभागिता कर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की। सदस्यता अभियान के तहत, 24 अप्रैल 2025 को विभिन्न इकाइयों से कुल 129 नए सदस्य जुड़े, जिनमें महिला इकाई से 10 और अन्य इकाइयों से 72 सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर 11th India Industrial Fair 2025 में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शकों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संगठन के वरिष्ठजनों का भी विशेष सम्मान किया गया, जिसमें प्रथम अध्यक्ष श्री राकेश जी वर्डिया और महिला इकाई की प्रथम अध्यक्ष श्रीमती रीना जी राठौड़ को शॉल, श्रीफल और महाराणा प्रताप प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महामंत्री श्री योगेन्द्र जी शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उदयपुर सांसद श्री मन्नालाल जी रावत तथा विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रीना जी राठौड़ और प्रांत उपाध्यक्ष श्री राकेश जी वर्डिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्पूर्ण कार्यक्रम को एक पारिवारिक मिलन समारोह के रूप में आत्मीयता, समर्पण और उल्लास के साथ संपन्न किया गया, जिसका समापन सभी सदस्यों के बीच सामूहिक सहभोज के साथ हुआ। यह आयोजन लघु उद्योग भारती उदयपुर की सतत् प्रगति और संगठनात्मक समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।

