जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, कोटा द्वारा संभाग स्तरीय औद्योगिक बैठक का सफल आयोजन
दिनांक 26 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे सी.ए.डी. सभागार, कलेक्ट्रेट परिसर, कोटा में संभाग स्तरीय औद्योगिक बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता अनिल कुमार अग्रवाल, संभागीय आयुक्त द्वारा की गई।
बैठक के आरंभ में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों द्वारा संभागीय आयुक्त महोदय का औपचारिक स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। यह सम्मान उद्योग जगत और प्रशासन के मध्य सुदृढ़ समन्वय का प्रतीक रहा।
बैठक में कोटा संभाग के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उद्योगों से संबंधित विभिन्न विभागों—जैसे बिजली, जलापूर्ति, प्रदूषण नियंत्रण, बैंकिंग, औद्योगिक भूमि, कर एवं लाइसेंसिंग आदि—से जुड़ी समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रतिनिधियों द्वारा व्यवहारिक एवं सकारात्मक सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर प्रशासन की ओर से गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र समाधान हेतु आश्वासन प्रदान किया गया।
बैठक में लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ सदस्य श्री गोविंद राम जी मित्तल, कोटा मुख्य इकाई के अध्यक्ष श्री अंकुर जी गुप्ता, सचिव श्री संदीप जी जांगिड़, रानपुर इकाई के अध्यक्ष श्री मनोज जी अग्रवाल एवं सचिव श्री नभ जी शर्मा सहित अनेक गणमान्य उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह बैठक उद्योग एवं प्रशासन के मध्य संवाद, सहयोग और समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल सिद्ध हुई, जिससे कोटा संभाग में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की आशा है।

