लघु उद्योग भारती चित्तौड़गढ़ इकाई की आवश्यक बैठक संपन्न: नई इकाइयों के गठन पर चर्चा
लघु उद्योग भारती, चित्तौड़गढ़ इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन इकाई अध्यक्ष श्री मनोहर तोषनीवाल के फैक्ट्री परिसर, ब्रिज ग्रेनाइट, इंडस्ट्रियल एरिया, चंदेरिया, चित्तौड़गढ़ में किया गया। बैठक में विभाग संघचालक एवं इकाई के वरिष्ठ सदस्य आदरणीय श्री हेमंत जी भाई साहब और प्रांत कोषाध्यक्ष श्री ज्ञान मेहता के मार्गदर्शन में संगठन के विस्तार और नई इकाइयों के गठन पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान चित्तौड़गढ़ में एक नई इकाई के गठन की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया, साथ ही कपासन तहसील में इकाई गठन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए। इस पहल का उद्देश्य जिले में लघु उद्योग भारती के संगठनात्मक विस्तार को मजबूत करना और अधिक से अधिक उद्यमियों को जोड़कर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सक्रिय मंच प्रदान करना है।
इसके अतिरिक्त, बैठक में महिला इकाई के गठन को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। महिला इकाई का औपचारिक गठन आगामी 9 मार्च 2025 को प्रस्तावित है, जिसकी घोषणा राष्ट्रीय संगठन मंत्री आदरणीय प्रकाश चंद जी भाई साहब के चित्तौड़गढ़ प्रवास के दौरान की जाएगी। इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई, जिसके विस्तृत विवरण को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने संगठन की मजबूती और MSME उद्यमियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। लघु उद्योग भारती, चित्तौड़गढ़ इकाई अपने सतत प्रयासों के माध्यम से जिले में उद्यमिता और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

