लघु उद्योग भारती, राजसमंद: मासिक बैठक एवं उद्योग दर्शन
लघु उद्योग भारती, राजसमंद की मासिक बैठक और उद्योग दर्शन कार्यक्रम ब्राइट इंडस्ट्रीज पर सह सचिव अमित जी बडोला के आतिथ्य में आयोजित हुआ। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष संदीप समसुखा ने की और शुभारंभ महामंत्री हेमंत सेहलोत ने स्वागत भाषण के साथ किया। महामंत्री ने राइजिंग राजस्थान प्रीसमिट और समिट की सफलता की जानकारी दी, जिसमें 135 करोड़ रुपये के समझौते पत्रों पर हस्ताक्षर हुए और जिलाधीश महोदय द्वारा इस आयोजन की सराहना की गई। अध्यक्ष ने 11 दिसंबर को जयपुर में होने वाले MSME कॉन्क्लेव में सहभागिता के लिए रजिस्ट्रेशन पर चर्चा की और जिला उद्योग केंद्र द्वारा प्रायोजित बस सुविधा की जानकारी दी। आगामी दिसंबर और जनवरी में जिला अधिवेशन, औद्योगिक कार्यशाला और मोरबी सिरेमिक उद्योग दर्शन की योजना बनाई गई। जिलाधीश महोदय के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट परिसर में सभी प्रकार के स्टोंस के प्रदर्शन हेतु डिस्प्ले कॉरिडोर बनाने पर सहमति दी गई।
बैठक के बाद उद्योग दर्शन कार्यक्रम में ब्राइट इंडस्ट्रीज के वायर रोप निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। निदेशक अमित जी बडोला ने उद्योग की स्थापना और इसकी सफलता की जानकारी साझा की। बैठक में प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य बाबूलाल कोठारी, हर्ष लाल नवलखा, उत्तम कावड़िया, प्रसून राठी, ब्राइट इंडस्ट्रीज के अन्य निदेशक और 18 सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन सह सचिव प्रकाश हिंगर ने कल्याण मंत्र के साथ किया और ब्राइट इंडस्ट्रीज परिवार का आभार व्यक्त किया। यह बैठक संगठन की एकता और औद्योगिक प्रगति की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

