जोधपुर, 5 जून 2025 — विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लघु उद्योग भारती, जोधपुर प्रान्त द्वारा “एक पेड़ अपने उद्योग के नाम” अभियान के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्रों में वृहद पौधारोपण का शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत लघु उद्योग भारती कार्यालय के सामने मुख्य सड़क पर 21 विभिन्न प्रजातियों के औषधीय एवं छायादार पौधे ट्री-गार्ड सहित लगाए गए। प्रांत की सभी इकाइयों ने इस अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दिया। साथ ही, भवन सभागार में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों के बच्चों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण एवं जल-संरक्षण जैसे विषयों पर सुंदर और अर्थपूर्ण चित्र बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। उन्होंने बताया कि देशभर में लघु उद्योग भारती की इकाइयाँ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जोधपुर की क्षेत्रीय अधिकारी सुश्री कामिनी सोनगरा ने अधिकाधिक वृक्षारोपण को आज की आवश्यकता बताया। श्री महावीर चौपड़ा ने अपने स्वागत भाषण में पर्यावरण संकट को वैश्विक चुनौती बताते हुए वृक्षारोपण को इसका एकमात्र समाधान बताया। प्रांत संयुक्त महासचिव श्रीमती बिंदू जैन ने चित्रकला प्रतियोगिता को जागरूकता अभियान का हिस्सा बताया, जिसे बच्चों ने पूरी प्रतिबद्धता से निभाया। कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति की प्रांतीय कार्यवाहिका सुमन रावलोत एवं चित्रकला विशेषज्ञ साधना ओझा भी अतिथि रहीं।
प्रतियोगिता में 5-10 वर्ष आयु वर्ग में ध्रुही, गर्वी लोहिया और ध्याना क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहीं। 11-20 वर्ष में भरत, रेखा विश्नोई और अदिति विजेता बने, जबकि 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में भगवती भाटी, अंजू लूकड़ और जिया हरप्लानी को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान मिला। प्रांत संयुक्त महासचिव श्री सुरेशकुमार विश्नोई ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के तहत 6 जून को प्रातः 6:30 बजे पाल रोड स्थित अशोक उद्यान के सामने पक्षियों के लिए परिण्डा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिससे गर्मियों में पक्षियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस प्रेरक आयोजन में प्रदेश संयुक्त महामंत्री श्रीमती मंजू सारस्वत, प्रांत उपाध्यक्ष श्री दीपक माथुर, रीको जोधपुर के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक श्री कुलदीप दाधीच, प्रदूषण बोर्ड ग्रामीण क्षेत्रीय अधिकारी श्री जगदीश चौधरी, जोधपुर महानगर अध्यक्ष श्री पंकज भंडारी, सचिव श्री राकेश चौरडिया, सूरसागर इकाई अध्यक्ष श्री नरेश परिहार, महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती मोना हरवानी, सचिव श्रीमती कंचन लोहिया, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिल्पा अग्रवाल, सह-सचिव श्रीमती इंदु चौपड़ा, कार्यकारिणी सदस्यगण श्री अशोक कुमार गहलोत, श्री अशोक कुमार संचेती, श्री श्रीकांत शर्मा, श्री बृजमोहन पुरोहित, श्रीमती नंदिनी बंसल, श्रीमती निधि सिंह एवं डॉ. संतोष आसेरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

