लघु उद्योग भारती – पीपाड इकाई का एक दिवसीय फागोत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न
लघु उद्योग भारती, पीपाड इकाई द्वारा आज जैन मैरिज पैलेस, पीपाड में एक दिवसीय फागोत्सव कार्यक्रम अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रंग, गुलाल, पुष्प वर्षा और पारंपरिक संस्कृति की छटा ने सभी का मन मोह लिया।
इकाई अध्यक्ष श्री प्रवीण सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जोधपुर प्रान्त उपाध्यक्ष श्री दीपक माथुर एवं प्रान्त संयुक्त महामंत्री श्रीमती बिन्दू जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि होली केवल रंगों का नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और आपसी सम्मान का पर्व है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन संगठन को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सदस्यों के मध्य आत्मीयता को भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित बैठक में संगठनात्मक विषयों, सदस्यता विस्तार तथा नई इकाइयों के गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रान्त उपाध्यक्ष श्री दीपक माथुर ने घोषणा की कि पीपाड में शीघ्र ही स्वर्णकार इकाई एवं महिला इकाई का गठन किया जाएगा, जिससे स्थानीय उद्यमियों को संगठित मंच प्राप्त होगा। वहीं श्रीमती बिन्दू जैन ने महिलाओं को स्वरोजगार एवं आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करते हुए घरेलू उद्योगों के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण स्वरूप की आकर्षक प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। सभी महिला सदस्याएं फागणियां साड़ी पहनकर पारंपरिक परिधान में सुसज्जित होकर कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।
फागोत्सव के अंतर्गत महिलाओं ने फूलों के साथ होली खेली तथा पारंपरिक लोकगीतों, नृत्यों और भक्ति गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में ममता देवाल, संतोष कंडेल, मंजू बदलिया, बुलबुल प्रगति मोसुण, रसना जी, गीता जी सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। अंत में उपाध्यक्ष श्री गोपाल ओझा एवं पारस जैन ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
यह फागोत्सव न केवल सांस्कृतिक उत्सव रहा, बल्कि संगठनात्मक सशक्तिकरण और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

