दिनांक 25 अगस्त को लघु उद्योग भारती, जगतपुरा महिला इकाई की मासिक बैठक उत्साह और ऊर्जा से सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष श्रीमती वैशाली वशिष्ठ ने की। इस अवसर पर सांगानेर इकाई अध्यक्ष एवं प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर श्रीमती पिंकी माहेश्वरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने अपने प्रेरक विचारों से सभी सदस्यों को जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने, स्वस्थ और प्रसन्न रहते हुए आगे बढ़ने के अमूल्य सूत्र प्रदान किए। बैठक में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने भी सदस्यों का मार्गदर्शन किया—सीए सोनम जी ने एमएसएमई हेतु सरकारी योजनाओं व सब्सिडी की विस्तृत जानकारी दी, अजय गुप्ता जी ने ऊर्जा संरक्षण एवं डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से पहचान बनाने के व्यावहारिक सुझाव साझा किए और अंशु जी ने ग्रीन एनर्जी एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एमएसएमई सहायता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी गहन चर्चा हुई, जिसमें 12 सितंबर को आयोजित होने वाले Ideathon तथा उसी दिन प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही 2, 3 एवं 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाली स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी को और अधिक प्रभावी व सफल बनाने हेतु योजनाएँ बनाई गईं। अंत में, इकाई अध्यक्ष ने सदस्यता वृद्धि को संगठन की मज़बूती का मूल मंत्र बताते हुए सभी सदस्यों से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने का विशेष आह्वान किया। बैठक में सचिव श्रीमती रवीना श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष साँची राणा सहित इकाई की सभी सदस्यगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं।
धन्यवाद,
रवीना श्रीवास्तव
सचिव, जगतपुरा महिला इकाई

