अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ईएसआईसी हॉस्पिटल, अलवर में लघु उद्योग भारती अलवर एवं ईएसआईसी के संयुक्त तत्वावधान में एक योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती से जुड़े अनेक उद्यमियों के साथ-साथ ईएसआईसी हॉस्पिटल और कॉलेज के डॉक्टर्स, स्टाफ, शिक्षकगण एवं विद्यार्थीगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हुए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजगता का संदेश दिया। शिविर की विशेष बात यह रही कि आयोजन स्थल पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के योग दिवस पर दिए गए प्रेरणादायक उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे सभी उपस्थित लोगों ने गहरी प्रेरणा प्राप्त की। शिविर के संयोजक तरुण अग्रवाल ने बताया कि योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट कला है, जिसे सभी को अपनी दिनचर्या में अपनाना चाहिए। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती अलवर के अध्यक्ष शशांक झालानी, सचिव पंकज तिवारी, जयप्रकाश, ओमप्रकाश शर्मा सहित अनेक सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी सहभागियों का योगदान सराहनीय रहा तथा सभी ने यह संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे।
सादर – पंकज तिवारी, सचिव, लघु उद्योग भारती, अलवर

