अलवर, 29 अगस्त 2025 – लघु उद्योग भारती, अलवर और संयुक्त व्यापार महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में रिवाज रिजॉर्ट में विशाल विभाग समन्वय शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिला कलेक्टर श्रीमती आर्तिका शुक्ला ने किया। इसमें 175 से अधिक उद्यमियों और व्यापारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए 16 समस्याओं का त्वरित समाधान किया और कई अन्य समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। लघु उद्योग भारती अलवर के सचिव पंकज तिवारी ने बताया कि शिविर में उद्योगों से संबंधित सभी प्रमुख विभाग मौजूद रहे, जिसमें जिला उद्योग केंद्र, रीको, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, सीजीएसटी, जीएसटी, पुलिस विभाग, कारखाना एवं बॉयलर निरीक्षण विभाग, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, नगर निगम, श्रम विभाग, अग्निशमन विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग शामिल थे। स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधकों ने उद्यमियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं और रियायती लोन सुविधाओं से अवगत कराया। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष शशांक झालानी ने कहा कि विभागों ने समस्याओं का समाधान करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं और एमनेस्टी स्कीम्स की जानकारी भी विस्तार से प्रदान की। संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरमीत सिंह ने कहा कि यह शिविर तभी सार्थक होगा जब विभाग और उद्योगों के बीच समन्वय लगातार बना रहे। जिला कलेक्टर श्रीमती आर्तिका शुक्ला ने कहा कि इस प्रकार के शिविर हर 3-4 माह में नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए और यह “सिंगल विंडो सिस्टम” का वास्तविक अनुभव प्रदान करता है। संयोजक संदीप मुद्गल ने बताया कि उद्यमियों ने इसे ऐतिहासिक पहल और सकारात्मक अनुभव बताया। कुल मिलाकर यह आयोजन अत्यंत सफल, सार्थक और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ, जिससे उद्यमियों को सीधे विभागों से संवाद कर समाधान प्राप्त करने में सहायता मिली और उद्योगों को आगे बढ़ाने की राह आसान हुई।

