लघु उद्योग भारती, जो कि भारत के सूक्ष्म और लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, ने उत्तर भारत के छह राज्यों — जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली — के कार्यकर्ताओं का उत्तर क्षेत्रीय सम्मेलन 26 मार्च 2025 को हरियाणा के अंबाला स्थित किंगफिशर रिसॉर्ट में सफलतापूर्वक आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी राज्यों के अध्यक्षों ने अपने-अपने प्रदेशों की संगठनात्मक गतिविधियों, औद्योगिक वातावरण और भावी योजनाओं की जानकारी दी। हरियाणा के उद्योग मंत्री श्री राव नरवीर सिंह ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए हरियाणा को उद्योगों के लिए बेहतर प्रदेश बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों को रेखांकित किया और पर्यावरण अनुकूल कार्यप्रणाली को अपनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर CSIR चंडीगढ़ ने नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन किया और लघु उद्योग भारती के साथ मिलकर इन्हें आम उद्यमियों तक पहुँचाने के प्रयासों को तेज़ करने का आह्वान किया। SIDBI के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और उद्यमियों को अपने उद्योग के विस्तार में इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, MSME विभाग के अधिकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और विलम्बित भुगतानों की निपटान प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महासचिव श्री ओमप्रकाश गुप्ता ने संगठन की निरंतर बढ़ती शक्ति और भूमिका पर प्रकाश डाला और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बदलते समय के अनुसार सुविचारित लक्ष्य तय कर, भारत को आर्थिक महाशक्ति के रूप में पुनः स्थापित करने के अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रद्धेय प्रकाश जी भाईसाहब ने उद्यमिता विकास के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई और कार्यकर्ताओं को उद्योग क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण निर्माण हेतु प्रेरित किया। कल्याण मंत्र के साथ सम्पन्न हुए इस भव्य सम्मेलन में उत्तर भारत के सैकड़ों कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे संगठन की ऊर्जा, एकजुटता और प्रतिबद्धता का सशक्त प्रदर्शन हुआ।

