32वें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में लघु उद्योग भारती अवध संभाग द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रैम्प योजना के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन होटल सिलवेट, राणा प्रताप मार्ग, लखनऊ में किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, लखनऊ के उपायुक्त उद्योग श्री मनोज चौरसिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में यूपीकोन की ओर से श्री देवदत्ता पाण्डेय एवं श्री विशाल चंदानी ने रैम्प योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। उन्होंने “जीरो इफेक्ट-जीरो डिफेक्ट” जैसे मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए यह बताया कि यह योजना उद्योगों के तकनीकी उन्नयन, गुणवत्ता संवर्धन एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकती है। साथ ही, प्रदेश सरकार की सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम नीति के अंतर्गत उपलब्ध लाभों की भी जानकारी दी गई, जिससे उपस्थित उद्यमियों को व्यावसायिक विकास की नई दिशा मिली।
इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न प्रतिनिधियों ने भाग लिया और योजनाओं के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम का समापन प्रांत अध्यक्ष रीता मित्तल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन व कल्याण मंत्र के साथ किया गया।

