पिपरिया में MSME विभाग द्वारा उद्योग विस्तार एवं कार्यप्रणाली सुधार पर कार्यशाला का सफल आयोजन
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग की मध्यप्रदेश की नोडल एजेंसी लघु उद्योग निगम एवं इंडस्ट्री पार्टनर लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 26 जून 2025 को पिपरिया, नर्मदापुरम में ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन भवन, न्यू क्लॉथ मार्केट में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमों की कार्य पद्धति में सुधार और उद्योग विस्तार को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक श्री देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्यशाला भारत सरकार की RAMP योजना (Raising and Accelerating MSME Productivity) के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर एमएसएमई क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सुधार और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में LEAN मैनेजमेंट, ZED सर्टिफिकेशन, MSME नीति, बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) और GeM पोर्टल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी थे। साथ ही, नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती नीना नागपाल, पिपरिया ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री भगवान दास अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री विजीत भट्टर, तथा सचिव श्री गोपाल मानधन्या की गरिमामयी उपस्थिति रही। आसपास के सैकड़ों उद्यमियों ने भी सक्रिय सहभागिता दी।
लघु उद्योग भारती, जो कि राष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत एक प्रमुख संगठन है, के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में मध्य भारत अंचल के उपाध्यक्ष श्री विवेक माहेश्वरी ने भी उद्यमियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “सरकार की इस पहल से सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को निश्चित रूप से बड़ा लाभ मिलेगा, जिससे वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकेंगे।”
इस आयोजन ने पिपरिया क्षेत्र के उद्यमियों में नई ऊर्जा का संचार किया और यह कार्यक्रम एमएसएमई के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में स्थापित हुआ।

