लघु उद्योग भारती बालोतरा की बैठक सम्पन्न: उद्यमियों के लिए नई योजनाओं पर चर्चा
स्थानीय भारती भवन में लघु उद्योग भारती बालोतरा की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बालोतरा अध्यक्ष श्री प्रवीण महाजन ने की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल बालड और जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चोपड़ा की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में 11 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले "राइजिंग राजस्थान" कार्यक्रम के लिए अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन समय पर करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, ताकि स्थानीय उद्यमियों को इस कार्यक्रम में प्राथमिकता से शामिल होने का अवसर मिल सके। कार्यक्रम में माननीय प्रधानमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रहने की संभावना है। श्री चोपड़ा ने बताया कि इस सम्मेलन में इच्छुक उद्यमी अपने उत्पादों की स्टॉल भी लगा सकते हैं, जिसका निरीक्षण प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री करेंगे।
श्री चोपड़ा ने यह भी जानकारी दी कि 5 से 12 जनवरी तक जोधपुर में आयोजित हस्तशिल्प मेले में लघु उद्योग भारती को नोडल एजेंसी का दायित्व सौंपा गया है। इस मेले में पहली बार बी2बी मॉडल के तहत टेक्सटाइल, मशीनरी, और ट्रीटमेंट संयंत्र से संबंधित उद्योग अपनी स्टॉल बुक करवा सकते हैं। इस पहल से उद्योगों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री बालड ने भारती भवन में स्किल सेंटर की स्थापना और संचालन के लिए एक टीम गठित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने यह भी बताया कि 13 नवंबर को भारती भवन में जिला उद्योग केंद्र के जीएम श्री आर्य और रीको आरएम श्री कटियार स्थानीय उद्यमियों से जयपुर में आयोजित होने वाले "राइजिंग राजस्थान" समिट में भागीदारी सहित अन्य विषयों पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में सभी उद्यमियों को उपस्थित रहने का आग्रह किया गया।
भवन निर्माण संयोजक श्री पटौदी नरेश ने भवन निर्माण से संबंधित व्यय और व्यवस्थाओं का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। भविष्य की गतिविधियों के लिए श्री विनोद सिंघवी को संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में महेंद्र श्रीश्रीमाल, पंकज छाजेड़, दीपक पारख, कमलेश ढेलड़िया और विनोद सिंघवी समेत कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।

