मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में पड़ाव-रामनगर फोरलेन मार्ग के लिए अधिग्रहीत जमीन का भुगतान समय से नहीं मिलने का मुद्दा उद्यमियों ने उठाया।
बुधवार को आयुक्त सभागार में बैठक के दौरान मंडलायुक्त कौशलराज शर्मा ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन केके सिंह से कहा कि समय से सभी का भुगतान करें। मंडलायुक्त ने बताया कि शिविर लगाकर भी कई किसानों और अन्य को जमीनों का मुआवजा मिल चुका है। इस बीच फैसिलिटेशन काउंसिल की हुई बैठक में एमएसएमई उद्यमियों के लंबित भुगतान से संबंधित आठ प्रकरण पटल पर रखे गए, जिसमें आवेदनकर्ताओं की मौजूदगी रही। आरोपी उद्यमियों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें दोबारा विभाग की ओर से नोटिस भेजा जाएगा। इसके अलावा 14 प्रकरण एमएसईएफसी पोर्टल पर प्रदर्शित हुए, लेकिन विभाग में हार्ड कॉपी नहीं देने के कारण सुनवाई नहीं हुई, उन सभी को नोटिस दिया जाएगा। लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि फैसिलिटेशन काउंसिल से एमएसएमई उद्यमियों को 18 करोड़ का लंबित भुगतान कराया गया। बैठक में ज्योति शंकर मिश्रा, कमला कांत पांडेय, रोशन लाल, अनुपम, नीरज मौजूद रहे।