लघु उद्योग भारती अलीगढ़ एवं भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) के बीच उद्योग को वित्तीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक समझौता (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। लघु उद्योग भारती से जुड़ी इकाइयों को प्रदेश के हर जिले में इसका लाभ मिलेगा। 25 साल पहले अलीगढ़ में सिडबी की शाखा थी, लेकिन वह घाटे के कारण बंद हो गई थी।
लखनऊ में हुए कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती अलीगढ़ के प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल शामिल हुए। बताया कि भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक और कुटीर, लघु उद्योगों के बीच लघु उद्योग भारती सेतु का काम करेगी। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक की मात्र दस शाखाएं हैं, जिसके कारण प्रदेश के उद्योग इस संस्था की योजनाओं से लाभान्वित नहीं हो पाते हैं। उद्यमियों में जानकारी का अभाव रहता है। लघु उद्योग भारती लघु उद्योगों की सेवा में कार्यरत एक मात्र अखिल भारतीय संगठन है। 600 से अधिक इकाइयां आस्तित्व में हैं। लघु उद्योग भारती सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में सिडबी के सेमिनार के माध्यम से उद्यमी को सिडबी की लाभकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। लघु उद्योग भारती अलीगढ़ के प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल ने बताया कि 25 साल पहले अलीगढ़ में सिडबी की शाखा खुली थी। पांच उद्यमियों को लोन दिया था, लेकिन उसमें सिडबी को नुकसान झेलना पड़ा, जिसके कारण शाखा बंद हो गई थी। लघु उद्योग भारती व सिडबी के बीच हुए वित्तीय सहयोग के करार से अब अलीगढ़ में सिडबी की ब्रांच खुलने की उम्मीद जग गई है। इस मौके पर सिडबी के महाप्रबंधक राजीव कुमार, लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल, राघव सिंह, रीता मित्तल, राम प्रकाश गुप्ता, अरुण भाटिया मौजूद रहे।