लघु उद्योग भारती उदयपुर के तत्वावधान में 10 से 13 जनवरी तक डीपीएस स्कूल में प्रस्तावित 11 वेंइडिया इंडस्ट्रीयल फेयर की तैयारियों को लेकर रविवार को कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियों का निर्धारण कर सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक की अध्यक्षता आयोजन पालक राकेश वडिया ने की। संयोजक तरुण दवे ने उपस्थित सदस्यों को आयोजन की प्रगति और भावी कार्ययोजना से अवगत कराते हुए सदस्यों को उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों का वितरण किया। उन्होंने बताया कि इस फेयर का उद्देश्य न केवल सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को बढ़ावा देना है, बल्कि उन्हें स्थानीय, राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने का भी प्रयास है।
बैठक के दौरान मिशन 400 स्टॉल्स को सफल बनाने के लिए ठोस योजनाओं पर चर्चा हुई। लघु उद्योग भारती के उदयपुर जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने बताया कि यह फेयर उदयपुर के औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। यह आयोजन एमएसएमई सेक्टर के लिए उत्पाद और सेवाओं की प्रदर्शनी का बड़ा अवसर बनेगा, जहां स्थानीय उद्योग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को प्रस्तुत कर सकेंगे। फेयर में तकनीकी सत्र, वर्कशॉप और बिजनेस नेटवर्किंग के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक के दौरान कार्यकारिणी सदस्यों में अद्वितीय उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। सभी सदस्यों ने एक स्वर में इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। बैठक में लघु उद्योग भारती के गिर्वा इकाई के मुकेश सिन्हा, उमाप्रताप सिंह, कलड़वास इकाई के बाबू सिंह, अभिजीत शर्मा, सुखेर इकाई के राजेश शमां, गुड़ली इकाई के कैलाश शर्मा सहित चर्चिल चर्चिल जैन, जैन, दीपक जैन, अभय जोशी, मुकेश गुरानी, बृजमोहन भाटी और महेंद्र सिंह चौहान आदि सदस्य उपस्थित रहे।