उद्योग से राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर सम्पन्न हुआ उद्यमी सम्मेलन–2026
लघु उद्योग भारती,सूरत जिला द्वारा आयोजित उद्यमी सम्मेलन–2026 दिनांक 03 मई 2026 को Surat में अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं संगठनात्मक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों, उद्योगपतियों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रकाशचंद्र गुप्ता, सांवर प्रसाद बुधिया, दशरथ शेखावत, जे. बी. दवे एवं बलदेवभाई प्रजापत उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रकाशचंद्र गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि भारत की समृद्ध औद्योगिक परंपरा ने एक समय पूरे विश्व को रोजगार, उत्पादन और व्यापार का मार्ग दिखाया था। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन्हें सशक्त बनाकर ही भारत को पुनः आर्थिक रूप से विश्व में अग्रणी बनाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि Laghu Udyog Bharati पिछले 33 वर्षों से देशभर के उद्यमियों की आवाज बनकर उद्योग जगत को मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने उद्यमियों से आग्रह किया कि वे आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं Artificial Intelligence का उपयोग करते हुए अपने उद्योगों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करें तथा अधिक से अधिक रोजगार सृजन में योगदान दें।
सूरत जिला अध्यक्ष रामावतार पारीक ने बताया कि संगठन कौशल विकास केंद्र स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे प्रवासी, युवा एवं जरूरतमंद लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ा जा सके।
गुजरात अध्यक्ष ईश्वरभाई पटेल ने संगठन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, वहीं वजूभाई वगासिया ने आगामी अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले आईआरएफ कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाली इकाइयों वामपुम सिंटेक्स, गौरी पुत्र, देवश्री, ओल्ज़िन एवं युग फैशन को “उत्कृष्ट उद्यमी सम्मान” से सम्मानित किया गया।
संगठन विस्तार के अंतर्गत हंसराज जैन को संभाग उपाध्यक्ष, तथा राजेंद्र चौधरी एवं विजय मांगुकिया को संभाग मंत्री का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, समाज अग्रणी एवं उद्यमियों की विशेष उपस्थिति रही। मीडिया प्रभारी शीशपाल स्वामी एवं महेंद्र चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
महामंत्री सतीश सवानी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन वीरेंद्र राजावत द्वारा किया गया।
अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उद्यमियों ने सामूहिक भोज में सहभागिता कर उद्योग के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत किया।

