लघु उद्योग भारती, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के सदस्य श्री योगेंद्र कुमार शर्मा जी का अलीगढ़ प्रवास अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती, अलीगढ़ के पदाधिकारियों द्वारा उनका तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस प्रवास के दौरान आयोजित भेंटवार्ता में उद्योगों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई। श्री शर्मा जी ने अपने संबोधन में बताया कि लघु उद्योग भारती, राजस्थान के सतत प्रयासों के फलस्वरूप राजस्थान सरकार द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में ई.टी.पी. (Effluent Treatment Plant) प्लांट की स्थापना हेतु ₹500 करोड़ का फंड स्वीकृत कराया गया है, जिससे उद्योगों को पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप संचालन में बड़ी सहायता मिल रही है।
इसके अतिरिक्त, उद्योग हित में किए गए प्रमुख कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अब 400 वर्ग मीटर तक की कृषि भूमि पर बिना किसी अनुमति के उद्योग स्थापित करने की सुविधा प्रदान की गई है। साथ ही, कानूनी प्रावधानों में सुधार करते हुए धारा 304 को 304(A) में परिवर्तित कराने का महत्वपूर्ण कार्य भी लघु उद्योग भारती, राजस्थान के प्रयासों से संभव हो सका है।
वार्ता के दौरान प्रदेश संयुक्त महामंत्री डॉ. गौरव मित्तल ने प्रदेश की औद्योगिक नीतियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को भी विस्तार से रखा।
इस अवसर पर ब्रज संभाग कार्यकारिणी सदस्य तरुण सक्सेना, मंडल अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, अजय पटेल, जिलाध्यक्ष योगेश गोस्वामी, कोषाध्यक्ष अंशुमन अग्रवाल, संजय गोयल, मयंक सिंघल, भानु अग्रवाल एवं विवेक गर्ग सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने श्री योगेंद्र कुमार शर्मा जी को शॉल ओढ़ाकर एवं अलीगढ़ के प्रसिद्ध ताले भेंट स्वरूप प्रदान कर उनका सम्मान किया।