एमएसएमई हितों के लिए प्रमुख सचिव से लघु उद्योग भारती की महत्वपूर्ण चर्चा
लघु उद्योग भारती के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज एमएसएमई विभाग एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह से सौजन्य भेंट कर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान उद्योगों पर पड़ रहे डबल टैक्सेशन के प्रभाव, फायर एनओसी प्रक्रिया की जटिलताओं तथा एमएसएमई क्षेत्र के समक्ष आने वाली अन्य व्यावहारिक चुनौतियों को प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों के सुगम संचालन और प्रतिस्पर्धात्मक विकास के लिए आवश्यक सुधारों की आवश्यकता पर भी बल दिया।
प्रमुख सचिव श्री राघवेंद्र सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके व्यावहारिक एवं त्वरित समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया। बैठक में लघु उद्योग भारती की ओर से प्रदेश महामंत्री अरुण सोनी, भोपाल इकाई सचिव नीरज शर्मा, मध्य भारत प्रांत महिला प्रभारी रश्मि गुर्जर तथा भोपाल इकाई कोषाध्यक्ष राकेश अवस्थी उपस्थित रहे। यह भेंट प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र की समस्याओं को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने और उद्योग-अनुकूल वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। लघु उद्योग भारती ने पुनः दोहराया कि वह उद्यमियों के हितों की रक्षा और Ease of Doing Business को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है।