बैंकिंग एवं व्यावसायिक ऋण विषयक कार्यशाला में उद्यमियों को मिली वित्तीय सशक्तिकरण की जानकारी
इंदौर। लघु उद्योग भारती महिला इकाई, इंदौर एवं द अर्बन अकोला को-ऑपरेटिव बैंक के संयुक्त तत्वावधान में 1 जून 2026 को राघवम होटल, इंदौर में “व्यावसायिक ऋण, सरकारी योजनाएं एवं बैंकिंग सुविधाएं” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। सायं 6:00 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 90 उद्यमियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान 5 नए सदस्यों ने भी संगठन की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती वर्षा जैन के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने बैंकिंग जागरूकता एवं वित्तीय सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित अतिथियों एवं उद्यमियों का स्वागत किया। लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा ने अपने संबोधन में उद्यमियों के लिए वित्तीय सशक्तिकरण, बैंकिंग सुविधाओं के प्रभावी उपयोग तथा आर्थिक विकास में बैंकिंग जागरूकता की भूमिका पर विस्तृत विचार रखे।
कार्यशाला के दौरान द अर्बन अकोला को-ऑपरेटिव बैंक के सीईओ एवं निदेशक मंडल के सदस्यों ने बैंक की विभिन्न सेवाओं, व्यावसायिक ऋण योजनाओं, उद्यमियों के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की उद्यमी हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस संवादात्मक सत्र में उपस्थित उद्यमियों ने अपने प्रश्न भी रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री महेश गुप्ता, प्रदेश सचिव श्री शिव नारायण शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती नम्रता पाठक, मालवांचल सहसचिव श्री मनोज तिवारी, मालवांचल सहमहिला प्रभारी श्रीमती मीना काले सहित विभिन्न इकाइयों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती नम्रता पाठक ने किया, जबकि अंत में श्रीमती प्राची अग्रवाल ने सभी अतिथियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
यह कार्यशाला उद्यमियों को बैंकिंग सेवाओं, व्यावसायिक ऋण सुविधाओं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई, जिसे प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।