लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश की ऑनलाइन कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न
28 मई 2026 को लघु उद्योग भारती, हिमाचल प्रदेश की ऑनलाइन कार्यकारिणी बैठक का सफल आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री विक्रम बिंदल जी ने की, जिसमें कुल 15 सदस्यों ने सहभागिता की। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी प्रवास, नई इकाई गठन तथा ‘उद्योग टाइम्स’ से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में संगठन मंत्री माननीय प्रकाश जी के हिमाचल प्रवास को लेकर विशेष रूप से तैयारियों की समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि उनके दौरे के दौरान प्रातःकालीन बैठक पोंटा साहिब में आयोजित की जाएगी तथा उसके बाद परवाणू में बैठक संपन्न होगी। साथ ही प्रकाश जी के पालमपुर प्रवास को सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयास जारी हैं, जिसके लिए अखिल मोहन जी स्थानीय स्तर पर समन्वय कर रहे हैं।
संगठन विस्तार के तहत 2 जून 2026 को पोंटा साहिब इकाई गठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने का निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत अश्वनी कुमार जी, विक्रम बिंदल जी, अखिल मोहन अग्रवाल जी एवं नवीन जी पोंटा साहिब जाकर नई इकाई गठन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श करेंगे। यह पहल क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में ‘उद्योग टाइम्स’ पत्रिका के लिए विज्ञापन सहयोग पर भी सहमति बनी। अजय चौहान जी, विक्रम बिंदल जी तथा संजीव शर्मा जी (फ्रेंड्स अलॉय) ने एक-एक विज्ञापन देने की जिम्मेदारी ली, जबकि अखिल मोहन जी को कालाअम्ब अथवा नालागढ़ चैप्टर से एक विज्ञापन सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया।
इसके अतिरिक्त ‘उद्योग टाइम्स’ में सफलता की कहानी प्रकाशित करने हेतु श्री नवीन रावत जी के नाम का चयन किया गया। अजय सिंह चौहान जी, नवीन रावत जी के साथ मिलकर उनके उद्यमी सफर और उपलब्धियों पर आधारित प्रेरणादायी आलेख तैयार करेंगे।
बैठक का समापन संगठन को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।