वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
27 मई को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत वॉलकेम इंडस्ट्रीज के कॉन्फ्रेंस हॉल में वॉलकेम इंडस्ट्रीज एवं लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रभावी जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री अनंत आर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वॉलकेम के महाप्रबंधक श्री जगदीश तिवारी ने किया।
इस अवसर पर जल संरक्षण विषय पर रोचक ऑडियो-वीडियो क्लिप्स के माध्यम से विस्तृत जानकारी साझा की गई। श्री अनंत आर्य ने अपने संबोधन में बताया कि दैनिक जीवन की छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर हजारों लीटर जल की बचत संभव है। वहीं श्री जगदीश तिवारी ने वॉलकेम इंडस्ट्रीज द्वारा जल संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी, जिसमें कॉलोनी के अपशिष्ट जल का रीसाइक्लिंग तथा आसपास क्षेत्र में दस रीसायकल पिट निर्माण जैसी महत्वपूर्ण पहलें शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लघु उद्योग भारती के उद्यमियों, वॉलकेम स्टाफ एवं डीआईसी अधिकारियों ने जल संरक्षण हेतु सामूहिक शपथ भी ली। कार्यक्रम के समापन पर श्री अनंत आर्य एवं लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों श्री कंगटानी जी, श्री कमलेश खण्डेलवाल एवं श्री श्रवण प्रजापत ने वॉलकेम स्टाफ के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंत में श्री नितिन भटनागर ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।