अलवर, 27 सितम्बर 2025। लघु उद्योग भारती, अलवर की मासिक बैठक नेशनल गियर्स, एफ-634 नॉर्थ एक्सटेंशन, एम.आई.ए. में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष शशांक झालानी ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि “खुशियों की दिवाली अभियान” के तहत कर्मचारियों और समाज के वंचित वर्ग, विशेषकर झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में मिठाई वितरण किया जाएगा। 29 सितम्बर को प्रस्तावित विभाग संपर्क एवं संवाद शिविर में ईएसआईसी व ईपीएफओ की संयुक्त टीम द्वारा योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही पारिवारिक मिलन समारोह हिन्दू नवसंवत्सर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
आगामी 4 और 5 अक्टूबर को आयोजित होने वाली स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर चर्चा हुई। लघु उद्योग भारती पार्क के प्रथम चरण के पूरा होने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा द्वितीय चरण के लिए सुझाव प्रस्तुत किए गए।
बैठक में उद्योग दर्शन यात्रा के तहत आईटीआई विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण पर ले जाने की योजना बनाई गई। विजयादशमी पर पथ संचलन का आग्रह किया गया और शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत एवं विस्तृत करने पर जोर दिया गया।
यूडी टैक्स, एम.आई.ए. क्षेत्र की सड़कों व नालों के विकास पर चर्चा हुई। स्वदेशी अपनाने और रोजगार सृजन पर बल देते हुए यह निर्णय लिया गया कि बड़े आंदोलन/कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वदेशी के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए रोजगार मेला आयोजित करने पर भी विचार किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके।
बैठक का संचालन संयुक्त सचिव विवेक गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जयपुर अंचल कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप मुद्गल, संयुक्त सचिव विवेक गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य विकास गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन वंदे मातरम् गान के साथ हुआ।

