अलवर में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और लघु उद्योग भारती द्वारा पांचवां विभाग संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम
अलवर। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा लघु उद्योग भारती, अलवर के तत्वावधान में विभाग संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत ईएसआईसी द्वारा “सुविधा समागम” तथा ईपीएफओ द्वारा “निधि आपके निकट” जैसी पहलें निरंतर संचालित की जा रही हैं।
इसी श्रृंखला में पांचवां शिविर 29 सितंबर को प्रातः 10 बजे जयंती फेक्ट्री, बुर्जा (अलवर) में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में 150 से अधिक कर्मचारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ईएसआईसी और ईपीएफओ से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसमें स्प्री योजना, पंजीकरण प्रक्रिया, क्लेम निपटान की प्रक्रिया और कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ प्रमुख रूप से शामिल थे। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
लघु उद्योग भारती, अलवर के सचिव पंकज तिवारी ने कहा कि ऐसे शिविरों से उद्योगों और विभागों के बीच संवाद की खाई कम होती है। उन्होंने कहा, “इस प्रकार के कार्यक्रम उद्यमियों और कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ दिलाने का माध्यम बनते हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन लगातार होते रहें।”
अध्यक्ष शशांक झालानी ने अपने संबोधन में कहा, “लघु उद्योग देश की रीढ़ हैं और श्रमिक इनके जीवन का आधार। विभागीय योजनाओं की सही जानकारी और समाधान से दोनों को मजबूती मिलेगी। इस प्रकार के शिविर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।”
कार्यक्रम में शशांक झालानी (अध्यक्ष), पंकज तिवारी (सचिव), पारस जैन, धर्मवीर, भीम सिंह चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
धन्यवाद,
पंकज तिवारी
सचिव, लघु उद्योग भारती, अलवर

