इन्डिया इंडस्ट्रियल फेयर – 9 का भव्य समापन
लघु उद्योग भारती गुजरात प्रदेश के सौराष्ट्र संभाग द्वारा आयोजित इन्डिया इंडस्ट्रियल फेयर – 9 का सफलतापूर्वक आयोजन 2 से 5 फरवरी 2025 तक राजकोट स्थित NSIC मैदान में संपन्न हुआ। इस विशाल औद्योगिक आयोजन में आठ अत्याधुनिक जर्मन हेंगर डोम्स में 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिसमें भारतीय रेलवे के सभी विभाग, GeM, विभिन्न सरकारी व निजी औद्योगिक क्षेत्रों की प्रतिष्ठित इकाइयों ने भाग लिया।
फेयर में नाश्ते व दोपहर भोजन हेतु एक अलग डोम की व्यवस्था की गई थी, वहीं उद्घाटन, सेमिनार और समापन समारोह के लिए भव्य पंडाल भी बनाया गया था। यह पहली बार हुआ जब भारतीय रेलवे के सभी विभागों ने एकसाथ किसी औद्योगिक प्रदर्शनी में भाग लिया, जो लघु उद्योग भारती के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई। GeM पर रिकॉर्ड संख्या में पंजीकरण इस आयोजन की विशेषता रही।
फेयर में बड़े-बड़े निजी स्टॉल्स भी आकर्षण का केंद्र बने, जिनमें भारी संख्या में खरीदारों ने विजिट किया। उद्योगों के लिए यह आयोजन व्यापार वृद्धि और नेटवर्किंग का अद्वितीय अवसर बना। राजकोट म्युनिसिपल कमिश्नर के सहयोग से “स्वच्छ भारत मिशन” के अंतर्गत ‘Zero Waste Management’ को सफलतापूर्वक प्रस्तुत किया गया।
इस आयोजन में कलेक्टर, कमिश्नर, सांसद, विधायक, मंत्रीगण, प्रतिष्ठित उद्योगपति, संघ पदाधिकारी, और स्वयं राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर के अनेक गणमान्य अधिकारीगण उपस्थित रहे और आयोजन की सराहना की। सभी स्टॉलधारकों को भेंट स्वरूप धातु पत्र से निर्मित संस्था के लोगो सहित गुजरात का नक्शा दिया गया, जिसे सभी ने अत्यंत सराहा।
इस आयोजन को सफल बनाने में सौराष्ट्र संभाग के श्री हंसराजभाई गजेरा, श्री गणेशभाई ठुंमर एवं श्री जयभाई मावानी के नेतृत्व में छह माह की निरंतर और योजनाबद्ध मेहनत रही। साथ ही, कर्णावती एवं जामनगर सहित अन्य जिलों से भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। केंद्रीय कार्यालय से श्री मंगू जी, श्री जनक भाटिया, राष्ट्रीय महामंत्री श्री ओ. पी. गुप्ता, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा तथा संगठन मंत्री श्री प्रकाशचंद जी का निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
सेवा भारती एवं राजकोट कार्यालय की टीम, स्टॉल बुकिंग, डिज़ाइन, ब्रांडिंग, मीडिया प्रमोशन एवं संपूर्ण आयोजन समन्वय के लिए श्री विजय पारखिया का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।
इस आयोजन में छोटे उद्यमियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और हजारों विजिटर्स की भागीदारी रही, जिसके लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया। यह आयोजन लघु उद्योग भारती की संगठित टीम भावना, समर्पण और संयोजन का प्रतिफल रहा।
इन्डिया इंडस्ट्रियल फेयर – 9 के सफल आयोजन के लिए हम सभी सहभागीगणों का हार्दिक आभार, अभिनंदन और वंदन करते हैं।
– गणेशभाई ठुंमर
चेयरमैन, IIF-9
उपाध्यक्ष, सौराष्ट्र संभाग
लघु उद्योग भारती

