उत्तर प्रदेश हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग एवं लघु उद्योग भारती की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न
लखनऊ स्थित रविंद्रालय सभागार में उत्तर प्रदेश के हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के निदेशक श्री पी.सी. ठाकुर एवं निवर्तमान निदेशक श्री के.पी. वर्मा के साथ लघु उद्योग भारती (काशी प्रांत) के प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की। बैठक का उद्देश्य प्रदेश के बुनकरों, कारीगरों और वस्त्र उद्यमियों को सशक्त बनाना तथा उद्योग को नई दिशा प्रदान करना था।
बैठक के दौरान वर्तमान में संचालित हथकरघा योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, उनकी प्रगति तथा जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही विभाग द्वारा प्रस्तावित आगामी योजनाओं और कार्ययोजना की रूपरेखा साझा की गई, जिनका उद्देश्य बुनकरों को तकनीकी उन्नयन, प्रशिक्षण और विपणन सहयोग उपलब्ध कराना है।
प्रदेश की नई टेक्सटाइल पॉलिसी पर भी गंभीर चर्चा हुई। संभावित नीति के स्वरूप, निवेश को प्रोत्साहन, स्थानीय उद्योगों को मिलने वाले लाभ तथा रोजगार सृजन की संभावनाओं पर सकारात्मक संवाद हुआ। इसके अतिरिक्त वाराणसी के रमना में प्रस्तावित टेक्सटाइल्स पार्क की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र क्रियान्वित करने की रणनीति पर विशेष बल दिया गया, ताकि स्थानीय उद्यमियों को आधुनिक अवसंरचना और सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
लघु उद्योग भारती काशी प्रांत के सचिव डॉ. सर्वेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल में श्री अमरेश कुशवाहा (डायरेक्टर यूपीका), श्री विमलेश मौर्य, श्री राकेश कांत राय (पूर्व अध्यक्ष, चंदौली), श्री गुलशन कुमार मौर्य, श्री मनोज जायसवाल एवं श्री संजय प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक के अंत में विभाग और संगठन के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी, जिससे प्रदेश के वस्त्रोद्योग क्षेत्र में नए निवेश, तकनीकी विकास और रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।

