सहारनपुर में खुलेगी SIDBI शाखा, उद्यमियों को मिलेगी बड़ी राहत
आज लघु उद्योग भारती कार्यालय, सहारनपुर में SIDBI के क्षेत्रीय प्रबंधक (उत्तर प्रदेश) श्री राजीव कुमार जी का आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने उद्यमियों से संवाद करते हुए जानकारी दी कि उद्यमियों की निरंतर माँग के फलस्वरूप जल्द ही सहारनपुर में SIDBI (Small Industries Development Bank of India) की शाखा प्रारंभ होने जा रही है।
यह शाखा सहारनपुर मण्डल के उद्यमियों के लिए वित्तीय सहयोग एवं ऋण संबंधित कार्यों को स्थानीय स्तर पर ही संपादित करने में सहायक सिद्ध होगी। अब तक उद्यमियों को अपनी वित्तीय आवश्यकताओं के लिए हरिद्वार या यमुनानगर जाना पड़ता था, जिससे समय और संसाधनों की हानि होती थी। नयी शाखा खुलने से उन्हें स्थानीय स्तर पर त्वरित और सुलभ सेवाएं प्राप्त होंगी, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
यह पहल लघु उद्योग भारती के प्रयासों एवं उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है, जो क्षेत्र में MSME सेक्टर को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

