लघु उद्योग भारती ने निगम आयुक्त को बरगवां औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं से कराया अवगत
सिंगरौली | लघु उद्योगों के हित में कार्यरत संगठन लघु उद्योग भारती ने बरगवां औद्योगिक क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को नगर निगम आयुक्त के समक्ष रखा। संगठन ने विशेष रूप से मुख्य नाले पर हो रहे अव्यवस्थित पुल निर्माण और उसके चलते बनाए गए डाइवर्शन से उत्पन्न जल भराव की आशंका को उजागर किया।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में जल निकासी बाधित होने से न सिर्फ सड़कें जलमग्न होंगी, बल्कि औद्योगिक परिसरों में भी पानी भरने की आशंका है, जिससे उद्यमियों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ सकती है।
निगम आयुक्त ने तत्परता दिखाते हुए मौके का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले को पुनः चौड़ा कर जल निकासी को व्यवस्थित किया जाए ताकि भविष्य में जल भराव की समस्या उत्पन्न न हो।
इसके अतिरिक्त, बरगवां एवं अमकुही औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की अनुपलब्धता पर भी चर्चा हुई। इस पर अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस बैठक में लघु उद्योग भारती की ओर से अनिल वासवानी, हरिसिंह भदौरिया, मनीष सिंह, मुरलीधर रत्नानी, सुरेश रत्नानी, राजकुमार आसरानी, मनीष सिंघानी और अम्बर डेंगरे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

