सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की राष्ट्रीय संस्था लघु उद्योग भारती की कानपुर इकाई द्वारा आयोजित वार्षिक सभा के अवसर पर एक भव्य उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सभा में आगामी दो वर्षों के लिए कानपुर नगर के अध्यक्ष के रूप में श्री संदीप अवस्थी एवं महामंत्री के रूप में श्री अंकुर अंशवानी को मनोनीत किया गया, वहीं कानपुर देहात के लिए श्री संजय गुप्ता अध्यक्ष एवं श्री हिमांशु सिंह महामंत्री बनाए गए। इस अवसर पर महिला उद्यमियों की एक नई इकाई का गठन भी किया गया, जिसमें श्रीमती प्रेरणा वर्मा को अध्यक्ष एवं डॉ. सुभाषिनी खन्ना को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम के दौरान 50 नए सदस्यों को संगठन की सदस्यता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
सम्मेलन में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख मांगों में कानपुर के इस्पात नगर एवं व्यापार नगर में स्थापित उद्योगों के भूखंडों को इंडस्ट्रियल भूखंड घोषित करने, विकास प्राधिकरणों द्वारा विकसित औद्योगिक भूखंडों को फ्री होल्ड करने, प्रदूषण विभाग की एनओसी प्रणाली को सरलीकृत करने तथा रेड और पिंक श्रेणी को छोड़कर अन्य उद्योगों को इससे मुक्त रखने की बात प्रमुख रही। इसके अलावा दादा नगर व पनकी औद्योगिक क्षेत्रों (1 से 5 तक) में सीवर लाइन की व्यवस्था, ₹5000 के स्टांप पर औद्योगिक संपत्तियों का ब्लड रिलेटिव को ट्रांसफर, गृहकर को यूपीसीडा द्वारा घोषित दरों पर लागू करना, और छोटे उद्योगों को कम मात्रा में निर्यात पर भी सब्सिडी देने जैसी मांगों को प्रमुखता से रखा गया।
लघु उद्योग भारती की नवगठित कार्यकारिणी ने इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन के समन्वय से गंभीर प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अमन घई, संदीप अरोड़ा, सुबोध प्रहलाद्का, पुनीत गुप्ता एवं अनुराग मालवीय जैसे प्रमुख सदस्य भी उपस्थित रहे।

