आज लघु उद्योग भारती एवं एसएसआई एसोसिएशन कोटा के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कोटा में नवनियुक्त पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेन्द्र प्रसाद गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती तेजस्विनी गौतम से उनके कार्यालय में भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा कोटा में औद्योगिक क्षेत्रों की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद किया।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सलाहकार श्री गोविन्दराम मित्तल, वृहद इकाई अध्यक्ष श्री अंकुर गुप्ता, सचिव श्री संदीप जांगिड़, महिला इकाई अध्यक्ष श्रीमती चांदनी पोद्दार, महिला इकाई सचिव श्रीमती निहारिका गुप्ता एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती अल्का अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं एसएसआई एसोसिएशन कोटा की ओर से अध्यक्ष श्री मनोज राठी एवं सचिव श्री आशुतोष जैन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सभी पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि पुलिस प्रशासन के सक्रिय सहयोग से कोटा का औद्योगिक वातावरण और अधिक सुरक्षित, अनुशासित एवं विकासोन्मुख बनेगा।

