आज माननीय राज्य मंत्री (कौशल विकास एवं रोजगार) डॉ. गौतम टेटवाल जी की अध्यक्षता में संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि मंडल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान शासकीय आईटीआई के साथ एमओयू की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उद्योग जगत एवं शासकीय प्रशिक्षण संस्थानों के बीच सशक्त समन्वय स्थापित कर युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण एवं अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है।
लघु उद्योग भारती द्वारा आईटीआई एवं आईएमसी से संबंधित विषयों पर ठोस सुझाव प्रस्तुत किए गए। इनमें उद्योग आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा देना, बेहतर प्लेसमेंट व्यवस्था सुनिश्चित करना, पाठ्यक्रम का आधुनिकीकरण करना तथा हब एंड स्पोक मॉडल के माध्यम से प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार करना शामिल रहा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को प्रोत्साहित कर पलायन रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया।
माननीय मंत्री जी ने विषय को विभागीय एवं शासन स्तर पर आगे बढ़ाने तथा शीघ्र ही उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर इस पहल को अमल में लाने का आश्वासन प्रदान किया।
बैठक में ग्लोबल स्किल्स पार्क के डायरेक्टर (एक्सटर्नल रिलेशंस) श्री नीरज सहाय, डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन एंड फाइनेंस) श्रीमती रोमा बाजपेयी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा, प्रदेश महामंत्री श्री अरुण सोनी, मालवा प्रांत अध्यक्ष श्री राजेंद्र दुबे, महाकौशल प्रांत अध्यक्ष श्री अनिल वासवानी, महाकौशल संयुक्त सचिव श्री मनीष सिंह, प्रदेश संयुक्त महामंत्री श्री राजेश गर्ग, मध्य भारत प्रांत महामंत्री श्री विनोद नायर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती उमा शर्मा, आईटीआई प्रभारी श्री नितिन कामऋषि सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

