लघु उद्योग भारती मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम – संपूर्ण विवरण
लघु उद्योग भारती मध्य प्रदेश ने एमएसएमई कन्वेंशन सेंटर, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र, भोपाल में 23 और 24 अगस्त 2025 को दो दिवसीय भव्य आयोजन संपन्न कराया। इस आयोजन के तहत प्रथम दिवस प्रादेशिक सम्मेलन हुआ, जबकि द्वितीय दिवस स्टार्टअप एवं उद्यमी महाकुंभ का आयोजन किया गया। साथ ही, प्रदेश के नवीन कार्यालय उद्यम सेतु का लोकार्पण भी किया गया।
23 अगस्त – प्रादेशिक सम्मेलन
प्रथम दिवस का उद्घाटन सत्र माननीय एदल सिंह कंसाना, माननीय प्रकाश चंद्र (अखिल भारतीय संगठन मंत्री, लघु उद्योग भारती) और प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रदेश महामंत्री श्री अरुण सोनी ने कृषि मंत्री के समक्ष प्रदेश के कृषि नियमों में सुधार हेतु तत्काल समिति बनाने का अनुरोध किया, जिस पर मंत्री ने मंच से समिति बनाने की घोषणा की।
सम्मेलन में विभिन्न सत्र आयोजित किए गए जिनमें विशेषज्ञों द्वारा निम्नलिखित विषयों पर जानकारी दी गई:
पावर सेविंग और वेस्ट इंडस्ट्रीज
लिप पोर्टल और नवीन एमएसएमई पॉलिसी
स्टार्टअप और महिला कार्य विस्तार
नवीन टेक्नोलॉजी के साथ कार्य का विस्तार
स्वदेशी उत्पादों का उपयोग और पंच परिवर्तन
निर्यात बढ़ाने की रणनीतियाँ
सम्मेलन के समापन सत्र में अगले दो वर्षों के लिए प्रदेश कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी श्री राजेश मिश्रा (पीथमपुर) और प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी श्री अरुण सोनी (कटनी) को दी गई। इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों के दायित्वों की घोषणा भी की गई।
24 अगस्त – स्टार्टअप एवं उद्यमी महाकुंभ
द्वितीय दिवस का आयोजन स्टार्टअप एवं उद्यमियों के लिए महाकुंभ के रूप में किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के नवीन कार्यालय उद्यम सेतु का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. कृष्ण गोपाल (सह सरकार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कार्यक्रम अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम विभाग माननीय चैतन्य काश्यप, विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री माननीय विश्वास सारंग एवं राज्य मंत्री माननीय कृष्णा गौर उपस्थित थे। अखिल भारतीय अध्यक्ष लघु उद्योग भारती श्री घनश्याम ओझा का भी सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निम्नलिखित घोषणाएँ कीं:
कृषि फूड आधारित उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों को 10 वर्षों तक ₹5,000 प्रति माह वेतन सहायता।
मॉर्गेज लोन पर स्टाम्प ड्यूटी की माफी का लाभ किसानों एवं लघु उद्यमियों को।
फायर एनओसी प्रक्रियाओं में सरलता हेतु नया कानून दिसंबर में विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा।
लघु उद्योगों के लिए ब्लॉक स्तर पर भूमि आवंटन और नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कृष्ण गोपाल ने देश में 6 करोड़ लघु उद्यमियों के महत्व और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। प्रदेश के एमएसएमई मंत्री चेतन काश्यप ने बताया कि एमएसएमई का बजट ₹450 करोड़ से बढ़ाकर ₹2100 करोड़ किया गया है।
अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा ने मध्य प्रदेश के 80 लाख सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के विकास और रोजगार सृजन की संभावना पर जोर दिया। प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री के समक्ष लघु उद्योगों से संबंधित प्रमुख मांगों को प्रस्तुत किया, जिनमें भवन कर में छूट, मल्टीस्टोरी भवन निर्माण के नियम, लोन पर स्टाम्प ड्यूटी में कमी, फायर एनओसी में सरलता और कोविड काल में भूखंड आवंटन शामिल हैं।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री श्री अरुण सोनी ने किया और आभार प्रदर्शन भोपाल इकाई के अध्यक्ष मीतेश लोकवानी ने किया।

