08 अगस्त 2025 को श्रम विभाग द्वारा बापू भवन, सचिवालय, लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बाल श्रम उन्मूलन एवं पुनर्वास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर गंभीर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव (श्रम) डॉ. एम. के. शनमुगा ने की, जबकि श्रमायुक्त (उत्तर प्रदेश) श्री मार्कण्डेय शाही ने सह-अध्यक्ष के रूप में संचालन किया। इस दौरान राज्य में बाल श्रम की वर्तमान स्थिति, उसके उन्मूलन के लिए चल रही योजनाओं, तथा प्रभावित बच्चों के पुनर्वास एवं शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु उठाए जाने वाले कदमों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। लघु उद्योग भारती की ओर से श्री अनुराग मालवीय एवं श्री सलिल गुप्ता ने सक्रिय भागीदारी करते हुए, औद्योगिक क्षेत्रों में बाल श्रम रोकथाम के लिए उद्योगों की भूमिका, जनजागरूकता अभियानों की आवश्यकता, और पुनर्वास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव प्रस्तुत किए। उनके योगदान को बैठक में सराहा गया और इसे राज्य स्तर पर लागू की जाने वाली कार्ययोजना में शामिल करने पर सहमति बनी।

