अमित पार्क सभागार, भिलाई में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भिलाई स्थित अमित पार्क सभागार में भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं और बैंकिंग नीतियों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में भारतीय रिजर्व बैंक के महाप्रबंधक माननीय श्री मोहन रावत उपस्थित रहे। उनके साथ वित्तीय समावेशन एवं विकास विभाग के अधिकारी श्री दिग्विजय राउत, सीनियर अधिकारी श्री नवीन कुमार तिवारी, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप महाप्रबंधक श्री चावला, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के AGM श्री सरोज कुमार जी, छत्तीसगढ़ ग्रामीण एवं सहकारी बैंक के महाप्रबंधक, तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दुर्ग के महाप्रबंधक श्री खंडेलवाल जी ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं उद्यमियों ने भाग लिया और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। लघु उद्योग भारती, भिलाई (सर्विस इकाई) के अध्यक्ष श्री सुरेंद्र पाठक, श्री अश्विनी कुमार, श्री भूषण अग्रवाल, श्री दुर्गा प्रसाद, एवं दुर्ग से श्री पवन बड़जात्या और श्री सुराना जी सहित कई महिला उद्यमियों ने इस अवसर पर सहभागिता की और बैंकिंग सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की।
बैंकिंग योजनाओं पर विस्तृत चर्चा
मंचस्थ कार्यक्रम अध्यक्ष श्री मोहन रावत (महाप्रबंधक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) ने वरिष्ठ नागरिकों हेतु विभिन्न बैंकिंग योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए, उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न बैंकों के उच्च पदाधिकारियों ने भी अपने संबोधन में बैंकिंग सेवाओं के महत्त्व और इनके उचित उपयोग के विषय में जागरूक किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के AGM ने अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए आश्वासन दिया कि बैंक हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
तकनीकी सत्र एवं संवाद कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान श्री दिग्विजय रावत (भारतीय रिजर्व बैंक) ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और ग्राफिक्स एवं कंप्यूटरीकृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया।
इंटरेक्शन सेशन के दौरान, पवन बड़जात्या जी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, दुर्ग शाखा द्वारा आम जनता और उद्यमियों को आ रही विभिन्न कठिनाइयों को उजागर किया और बैंकिंग व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने पर चर्चा की।
आभार एवं समापन
कार्यक्रम के अंत में भारतीय रिजर्व बैंक ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए यह आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन जारी रहेगा। इस आयोजन से उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों, महिला उद्यमियों एवं अन्य प्रतिभागियों को बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय सेवाओं और सरकारी लाभों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई, जिससे वे अपने वित्तीय निर्णयों को और अधिक प्रभावी बना सकें।
सर्विस इकाई, भिलाई – लघु उद्योग भारती, छत्तीसगढ़ प्रांत

