राजस्थान दिवस आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री निवास पर हुआ आत्मीय संवाद
राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उद्यमिता के गौरव को देश और विदेश तक पहुँचाने के उद्देश्य से कल शाम मुख्यमंत्री निवास, जयपुर में एक विशेष संवाद का आयोजन हुआ। माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जी ने इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश मित्तल, संगठन के प्रमुख पदाधिकारीगण एवं प्रदेश के उद्योगजगत से जुड़े उद्यमियों के साथ आत्मीय चर्चा की। आगामी राजस्थान दिवस को भव्यता और गरिमा के साथ मनाने की दिशा में यह संवाद महत्वपूर्ण रहा।
मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर कहा कि राजस्थान दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह प्रदेश की शौर्य, संस्कृति, परंपरा और कला का उत्सव है, जिसे देश और विदेश में बसे हर प्रवासी राजस्थानी तक पहुँचाया जाना चाहिए। उन्होंने आह्वान किया कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों के प्रमुख शहरों में भी राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, जो हमारी विरासत, संस्कृति और लोक जीवन की झलक दुनिया को दिखाएँ।
मुख्यमंत्री जी ने विशेष रूप से प्रवासी राजस्थानियों के साथ सामंजस्यपूर्ण संबंध स्थापित करने और उन्हें इस गौरवशाली अवसर का हिस्सा बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के उद्यम, व्यापार, पर्यटन और संस्कृति के प्रचार-प्रसार का एक सुनहरा अवसर है, जिससे न केवल प्रदेश का गौरव बढ़ेगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर राजस्थान की पहचान और मजबूत होगी।
लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की सहभागिता सुनिश्चित करने, स्थानीय उत्पादों और शिल्प को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों को इस आयोजन से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
यह संवाद प्रदेश की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और उद्यमशीलता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

