राजस्थान सरकार ने हाल ही में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में नौ नई औद्योगिक नीतियों का अनावरण किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल बालड़ और राष्ट्रीय सचिव श्री नरेंद्र पारिख ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इन नीतियों में MSME नीति, निर्यात संवर्धन नीति, एक जिला एक उत्पाद नीति, पर्यटन इकाई नीति, एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति, खनिज नीति, एम-सैंड नीति, क्लस्टर विकास नीति, और एवीजीसी एंड एक्सआर नीति शामिल हैं।
लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने इन नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए, जिनमें से अधिकांश को सरकार ने स्वीकार किया है। इससे प्रदेश में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्रीमती दीया कुमारी, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी उपस्थित थे। उपमुख्यमंत्री ने राज्य को वैश्विक औद्योगिक हब बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, जबकि उद्योग मंत्री ने राज्य की अर्थव्यवस्था को 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य साझा किया।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल बालड़ ने संगठन की ओर से सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि ये नीतियां राज्य के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने संगठन के सदस्यों और पदाधिकारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य में भी उद्योगों के हित में सक्रिय रहने का संकल्प दोहराया।

