दिनांक 11 जून 2025 को लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमण्डल ने अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम जी ओझा, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष श्री शांतिलाल बालड़ तथा जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महावीर चौपड़ा के नेतृत्व में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की अध्यक्षा श्रीमती अपर्णा अरोड़ा एवं खान व पेट्रोलियम विभाग की संयुक्त सचिव श्रीमती आशु चौधरी से जयपुर में शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमण्डल ने राजस्थान के उद्योगों से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करते हुए प्रतिवेदन सौंपा। प्रदेशाध्यक्ष श्री बालड़ ने बताया कि जोधपुर, पाली व बालोतरा के टेक्सटाइल उद्यमियों को ‘संचालन की स्वीकृति’ (CTO/CTE) के नवीनीकरण, विद्युत विच्छेद से पूर्व चेतावनी और दंडात्मक विकल्प, जोधपुर में लम्बित अनापत्ति प्रमाण पत्र, इंडक्शन फर्नेस की समस्याएं, स्वीकृत जल लोड न बढ़ने, मशीनरी ट्रांसफर पर पुनः CTO/CTE की बाध्यता समाप्त करने जैसे अनेक बिंदुओं पर मण्डल से निराकरण की मांग की गई। जोधपुर प्रांत अध्यक्ष श्री चौपड़ा ने खान एवं पेट्रोलियम विभाग की संयुक्त सचिव से मुलाकात में पर्यावरण स्वीकृति में तेजी, थोब व लूणकरणसर में सैलेनाइट खदानों का पुनः संचालन, अरावली क्षेत्र के बाहर खनन प्रमाणपत्र की अनिवार्यता समाप्त करने, और ऑनलाईन एनओसी की शीघ्रता सहित कई विषयों पर चर्चा की। दोनों विभागों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया। राज्य प्रदूषण मण्डल की अध्यक्षा श्रीमती अरोड़ा ने जोधपुर के उद्योगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने हेतु विशेष निर्देश जारी किए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री योगेश गौतम, जयपुर प्रांत अध्यक्ष श्री महेन्द्र मिश्रा, जोधपुर क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती कामिनी सोनगरा, श्री अमित शर्मा, श्री जयप्रकाश गोयल (बालोतरा), श्री विनय जागिड़ सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

