लघु उद्योग भारती के वरिष्ठ समर्पित कार्यकर्ता एवं उद्योगपति आदरणीय श्री ताराचंद जी गोयल भाई साहब को पुणे में मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जनकल्याण समिति द्वारा श्रद्धेय श्री गुरुजी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
श्री गुरुजी पुरस्कार से सम्मानित हुआ कोटा का गोयल ग्रामीण विकास संस्थान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जनकल्याण समिति (महाराष्ट्र प्रांत) द्वारा प्रति वर्ष द्वितीय सरसंघचालक पूजनीय मा.स. गोळवलकर (श्री गुरुजी) की जयंती के अवसर पर समाज के विविध क्षेत्रों में समर्पित भाव से कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को वर्ष 1996 से राष्ट्रीय स्तर पर "पू. श्री गुरुजी पुरस्कार" से सम्मानित किया जाता है।
अब तक इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से विवेकानंद केंद्र, प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. रघुनाथ माशेलकर, सुप्रसिद्ध लेखक श्री एस. एल. भैरप्पा, जलपुरुष श्री राजेंद्र सिंह, ग्रांड मास्टर श्री विश्वनाथन आनंद, सुश्री मैरी कॉम, गीता प्रेस गोरखपुर, कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन जैसी महान विभूतियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जा चुका है।
इस वर्ष चयन समिति ने कृषि क्षेत्र में वर्ष 2025 का "श्री गुरुजी पुरस्कार" गोयल ग्रामीण विकास संस्थान, कोटा को प्रदान करने का निर्णय लिया। जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु संस्थान द्वारा स्थापित "श्रीरामशांताय जैविक कृषि अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, जाखोड़ा (कोटा)" को यह सम्मान दिया गया।
सम्मान समारोह
पुरस्कार समारोह शनिवार, 1 मार्च 2025 को पुणे महानगर, महाराष्ट्र में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर संकेश्वर पीठ के स्वामी शंकराचार्य एवं आरएसएस के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक श्री ताराचंद गोयल एवं मुख्य वैज्ञानिक श्री पवन टाक को सम्मानित किया गया।
संस्थान का गौरवपूर्ण योगदान
इस अवसर पर गोयल ग्रामीण विकास संस्थान, कोटा के निदेशक श्री ताराचंद गोयल ने कहा—
"यह सम्मान संस्थान के वैज्ञानिकों एवं किसानों की मेहनत का प्रतीक है। इससे गो-आधारित कृषि को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणिकता एवं प्रोत्साहन मिलेगा।"
लघु उद्योग भारती परिवार के लिए गर्व का क्षण
यह उपलब्धि लघु उद्योग भारती परिवार के लिए गौरव का विषय है। आदरणीय ताराचंद जी गोयल भाई साहब को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ

