आज दिनांक 03 अगस्त 2025 को लघु उद्योग भारती, बून्दी की सदस्यों की बैठक नैनवा रोड स्थित श्री शंकर गौरी एग्रो प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड (चावल मील) परिसर में आयोजित हुई। बैठक में प्रांत स्तर से पधारे प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री गोविंदराम मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चित्तौड़ अंचल प्रभारी श्री पवन गोयल, चित्तौड़ अंचल उपाध्यक्ष श्री यशपाल भाटिया एवं अंचल सचिव श्री वैध प्रकाश ठक्कर की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्थानीय इकाई से बून्दी अध्यक्ष श्री रमनदीप शर्मा एवं सचिव श्री राकेश झंवर सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में बून्दी जिले के उद्योगों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से कृषि उद्योगों पर लगने वाले मंडी टैक्स से राहत, भू-जल विभाग द्वारा बूंदी क्षेत्र को ग्रीन ज़ोन श्रेणी में शामिल करने, कृषि उपज मंडियों में ढेर की खुली नीलामी व्यवस्था लागू करने तथा वन विभाग द्वारा सीमांकन संबंधित समस्याओं का समाधान शामिल था। विशेष रूप से हट्टीपुरा स्थित खनिज उद्योग ‘मृतिका’ के निदेशक श्री अक्षय गुप्ता द्वारा वन विभाग से उत्पन्न कठिनाइयों को विस्तार से रखते हुए समाधान की मांग की गई। प्रांत से आए पदाधिकारियों ने इन सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इनका शीघ्र समाधान प्रांतीय स्तर पर किया जाएगा। बैठक के उपरांत सभी उपस्थित सदस्यों और पदाधिकारियों ने फैक्ट्री प्रांगण में पौधारोपण किया तथा जल संरक्षण की शपथ ली। अंत में सचिव श्री राकेश झंवर ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

