लघु उद्योग भारती, भरतपुर महिला इकाई की मासिक बैठक सम्पन्न
लघु उद्योग भारती, भरतपुर महिला इकाई द्वारा दिनांक 25 फरवरी 2026 को मासिक बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता इकाई की अध्यक्ष श्रीमती हरप्रीत कौर जी द्वारा की गई। उन्होंने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
बैठक में जी.एस.टी. (GST) से संबंधित एक महत्वपूर्ण सत्र भी आयोजित किया गया, जिसे हरप्रीत जी द्वारा संचालित किया गया। इस सत्र में जीएसटी की प्रक्रिया, रिटर्न भरने की विधि एवं उससे जुड़े सामान्य एवं व्यावहारिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विभिन्न शंकाओं का समाधान प्राप्त किया, जिससे उद्यम संचालन में पारदर्शिता और सुगमता लाने पर बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त, आगामी माह में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के आयोजन हेतु विस्तृत योजना एवं रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम को प्रभावी एवं प्रेरणादायी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए और जिम्मेदारियों का वितरण भी किया गया।
बैठक के दौरान एडवोकेट शिल्पी जैन जी ने पब्लिक यूटिलिटी सर्विसेज फॉर्म सभी सदस्यों को वितरित किए। उन्होंने जानकारी दी कि इस फॉर्म के माध्यम से क्षेत्र की बिजली, जल, सफाई, गैस आदि से संबंधित समस्याओं को न्यायालय तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यक होने पर इस प्रक्रिया का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में अलीना गोयल, रंजना पाराशर, मीरा गोयल, भुवनेश्वरी दीक्षित, नैना, साक्षी, ऋतु अग्रवाल, शिल्पी जैन, कविता गोयल जी सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता से बैठक सफल एवं सार्थक रही।
भवदीया,
राधा अग्रवाल
सचिव
भरतपुर महिला इकाई

