लघु उद्योग भारती महिला इकाई उदयपुर द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर
उदयपुर। लघु उद्योग भारती, मुख्य महिला इकाई, उदयपुर, राजस्थान के सौजन्य से राजकीय बालिका गृह, उदयपुर में एक माह का कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ हुआ।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता एवं रोजगार के अवसरों की दिशा में सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को क्रोशिया कार्य, कढ़ाई-सिलाई तथा हस्तनिर्मित उत्पाद निर्माण जैसी कलाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इन कौशलों के माध्यम से बालिकाएँ भविष्य में न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना सकेंगी।
लघु उद्योग भारती (मुख्य महिला इकाई) की पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि युवतियाँ एवं महिलाएँ आर्थिक रूप से सशक्त होकर समाज में योगदान दे सकें।
प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस प्रकार के प्रयास उनके जीवन को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होंगे।

