लघु उद्योग भारती म.प्र. का 32वां स्थापना दिवस एवं “LEAP” ई-पोर्टल का लोकार्पण: डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त कदम
भोपाल स्थित ग्लोबल स्किल पार्क में 29 अप्रैल को लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश इकाई के 32वें स्थापना दिवस पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर संगठन द्वारा विकसित “LEAP” (Learning, Empowerment, Assistance, Progress) नामक ई-पोर्टल का लोकार्पण किया गया, जो देशभर के MSME उद्यमियों के लिए एक समर्पित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा। कार्यक्रम की शुरुआत जम्मू-पहलगांव में हुई घटना में मृत नागरिकों को श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखकर की गई।
ग्लोबल स्किल पार्क के निदेशक श्री नीरज सहाय ने पार्क की कार्यप्रणाली और युवा कौशल विकास में इसके योगदान पर जानकारी साझा की। इसके पश्चात MSME विभाग की टीम ने राज्य की नवीन नीति पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें सरकारी योजनाएं, ऋण सहायता, तकनीकी सहयोग, एवं बाजार विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों को समझाया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा “LEAP” पोर्टल का डिजिटल लोकार्पण था। मंच पर MSME मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, कौशल विकास मंत्री श्री गौतम टेटवाल, एवं लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री ताराचंद्र गोयल समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख श्री अतीत अग्रवाल ने पोर्टल की कार्यप्रणाली, लाभ और उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।
इस दौरान संगठन के पूर्व पदाधिकारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनमें श्री जितेंद्र गुप्ता, डॉ. नेमीचंद जैन, श्री समीर मुंद्रा, डॉ. अजय नारंग, श्री उल्लास वैद्य, श्री सुधीर दाते, और श्री महेश गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे। भोपाल इकाई अध्यक्ष श्री विनोद नायर एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा ने संगठन की यात्रा, उपलब्धियों, और भविष्य की दिशा पर प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्रियों ने लघु उद्योग भारती की सक्रियता की सराहना करते हुए बताया कि कैसे संगठन सरकार के साथ मिलकर सूक्ष्म व लघु उद्योगों को लाभ पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। MSME मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने यह भी बताया कि मध्यप्रदेश वह पहला राज्य है जिसने 31 मार्च 2025 तक DBT के माध्यम से पूंजी अनुदान उद्यमियों को प्रदान किया है।
इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए 500 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया, जिसमें महिला उद्यमियों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों द्वारा कुल ₹220 करोड़ के पूंजी निवेश प्रस्ताव MSME मंत्री को सौंपे गए, जो इस आयोजन की गंभीरता और प्रभाव को दर्शाते हैं।
अंत में महिला इकाई भोपाल की सचिव श्रीमती रश्मि गुर्जर द्वारा आभार व्यक्त किया गया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। यह आयोजन सिर्फ तकनीकी पहल का शुभारंभ नहीं था, बल्कि यह लघु उद्योग जगत की एकजुटता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया सशक्त कदम भी सिद्ध हुआ।

